संवाददाता : अवनीश शर्मा। गैरतगंज

गैरतगंज के रमपुरा कलां का मामला
गैरतगंज। तहसील के रमपुरा कलां क्षेत्र में बिजली विभाग की घोर संवेदनहीनता अब ग्रामीणों और मवेशियों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।
यहाँ लगे ट्रांसफार्मर और उनके खुले झूलते तार किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं।
आलम यह है कि गाँव के बीचों-बीच स्थित यह ट्रांसफार्मर अब ‘काल का अड्डा’ बन चुका है।
जहाँ आए दिन करंट की चपेट में आने से मवेशियों की मौत हो रही है और इंसानी जान पर भी खतरा मंडरा रहा है।

बीती रात मचा कोहराम: बाल-बाल बचे ग्रामीण
ताजा घटनाक्रम के अनुसार, बीती रात करंट की चपेट में आने से दो गायें बुरी तरह झुलस गईं।
इनमें से एक गाय ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।
घटना के वक्त जब गाँव के सजग नागरिक अजब सिंह लोधी और भागवत लोधी बेजुबान जानवरों को बचाने दौड़े, तो वे खुद भी हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए।
गनीमत रही कि दोनों ग्रामीणों को समय रहते झटका खाकर दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर वे थोड़ी देर और करंट की पकड़ में रहते, तो आज गाँव में बड़ा मातम छा सकता था।
विभाग की ‘कुंभकर्णी’ नींद: 15 दिन में दूसरी बड़ी घटना
ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि महज 15 दिन पहले भी इसी जगह पर करंट लगने से एक गाय की जान चली गई थी।
बार-बार हो रहे इन हादसों की सूचना लिखित और मौखिक रूप से बिजली विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
मुख्य लापरवाही के बिंदु :
सुरक्षा फेंसिंग का अभाव: ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा के लिए कोई जाली या बाउंड्री वॉल नहीं है।
नीचे झूलते तार : ट्रांसफार्मर से निकले हाई-वोल्टेज तार जमीन के काफी करीब हैं, जिससे मवेशी आसानी से इनके संपर्क में आ जाते हैं।
अर्थिंग की समस्या : तकनीकी खराबी के कारण आसपास की जमीन में भी करंट उतरने की शिकायतें आ रही हैं।
” अगला शिकार इंसान न हो जाए “– ग्रामीणों की चेतावनी
रमपुरा कलां के निवासियों का कहना है कि विभाग शायद किसी इंसान की मौत का इंतजार कर रहा है।
ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर की फेंसिंग नहीं की गई और तारों को दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन और विभाग का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे।
इनका कहना है :
“हम अपने जानवरों को अपनी आँखों के सामने मरते नहीं देख सकते। कल हमारे बच्चे भी इस रास्ते से गुजरते हैं, अगर उन्हें कुछ हुआ तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? बिजली विभाग को जागना ही होगा।” > — अजब सिंह लोधी,भागवत सिंह लोधी निवासी रमपुरा कलां
मामला आपके द्वारा संज्ञान में आया है विद्युत विभाग के जेई को बोलकर दिखवाते है, और ट्रांसफार्मर के सुरक्षा की व्यवस्था करवाते हैं
“अंकित जैन”
अनुविभागीय अधिकारी गैरतगंज
