संवाददाता : ऋतिक जैन। बाड़ी

हिंगलाज मंदिर से चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों में दर्ज हैं 15 से अधिक संगीन अपराध
रायसेन: बाड़ी थाना क्षेत्र में स्थित हिंगलाज माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मंदिर में दान पेटी व माता जी के चांदी के आभूषण चोरी करने वाले शातिर अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी लंबे समय से मध्यप्रदेश सहित अन्य कई राज्यों में चोरी, नकबजनी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देता रहा है।
पुलिस के अनुसार 22–23 फरवरी 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी से नकदी एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रायसेन जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी बाड़ी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र उर्फ जतिन उर्फ कान्हा सिकलीगर (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
एक शातिर अंतरराज्यीय अपराधी है आरोपी
जांच में सामने आया है कि आरोपी एक शातिर अंतरराज्यीय अपराधी है, जिसके खिलाफ मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों में चोरी, नकबजनी, लूट और मारपीट जैसे करीब 15 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी मंदिरों और सुनसान स्थलों को निशाना बनाकर वारदात करता था।
अन्य राज्यों में हुई कई वारदातों का भी खुलासा होगा
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया चांदी का मुकुट और नगदी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अन्य राज्यों में हुई कई वारदातों का भी खुलासा होगा।
बाड़ी पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।
