भानपुरगंज में सजेगा ‘मिनी करीला’ दरबार
संवाददाता : अवनीश शर्मा । गैरतगंज

गैरतगंज : रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम भानपुरगंज (भानपुर) में इस शनिवार, 8 मार्च 2026 को रंगपंचमी के पावन अवसर पर भव्य ‘मिनी करीला’ मेले का आयोजन होने जा रहा है। जानकी मैया एवं लव-कुश मंदिर में आयोजित होने वाला यह मेला बीते दो दशकों से क्षेत्र की श्रद्धा और संस्कृति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
आस्था का संगम और प्रसिद्ध राई नृत्य
अशोकनगर के विश्व प्रसिद्ध करीला धाम की तर्ज पर यहाँ भी श्रद्धालुओं की अटूट आस्था जुड़ी है। मान्यता है कि यहाँ मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है। मन्नत पूरी होने की खुशी में श्रद्धालु यहाँ राई नृत्य करवाते हैं। शनिवार रात को मंदिर परिसर बुंदेलखंड के प्रसिद्ध राई लोक नृत्य की थाप और घुँघरुओं की आवाज से सराबोर रहेगा।
मेले की मुख्य विशेषताएँ_
दो दशक की परंपरा: यह मेला पिछले 20 से अधिक वर्षों से अनवरत आयोजित किया जा रहा है, जिसमे हजारों की संख्या में जुटेंगे श्रद्धालु रायसेन सहित आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में भक्तों के पहुँचने का अनुमान है।
पूरी रात गूँजेगी राई_
रात भर चलने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मन्नतधारी श्रद्धालु राई नृत्य का आयोजन करवाएंगे, साथ ही विशेष पूजा-अर्चना कर रंगपंचमी के अवसर पर जानकी मैया और लव-कुश का विशेष श्रृंगार कर महाआरती की जाएगी।
सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम_
हजारों की भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मेला समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश और सुगम दर्शन की व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्यों के अनुसार, हर साल मेले का स्वरूप भव्य होता जा रहा है, जो इसे क्षेत्र का ‘मिनी करीला’ बनाता है।
