संवाददाता: शुभम जैन भंडारी। गंजबासौदा

गंजबासौदा। सिरोंज चौराहा निवासी चक्रेश जैन के बेटे गौरव जैन की शादी कोलारस निवासी साक्षी जैन से बुधवार को होनी थी।
मंगलवार को एक सड़क हादसे में दुल्हन साक्षी जैन गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके जीजा की मौत हो गई।
इस दुखद घटना के बाद शादी की सभी तैयारियां रद्द कर दी गईं। यह हादसा मंगलवार को हुआ, जिससे शादी से ठीक एक दिन पहले खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
दुर्घटना में हुई जीजा की मौत
दुल्हन साक्षी जैन को गंभीर चोटें आई हैं जिसकी वजह से दुल्हन इलाज के दौरान कोमा में चली गई , और उनके जीजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
लड़का पक्ष द्वारा शादी की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही थीं। पिता चक्रेश जैन ने बेटे की शादी के लिए शहर की ओसवाल धर्मशाला किराए पर ली थी।
धर्मशाला में टेंट लग चुका था और सजावट के लिए बीना से विशेष कारीगर बुलाए गए थे। बीना से आए डेकोरेशन का काम करने वाले राहुल ने बताया कि उन्हें गार्डन सजाने का काम मिला था।
मंगलवार रात महिला संगीत कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। दोपहर करीब 12 बजे उन्हें फोन पर सड़क हादसे की सूचना मिली।
हादसे की खबर मिलते ही पूरा परिवार चिंतित हो गया और सभी काम छोड़कर घायलों को देखने अस्पताल की ओर चले गए। शाम तक परिवार को एक सदस्य की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद शादी समारोह को रद्द करने का निर्णय लिया गया।
समारोह रद्द होने के बाद बुधवार सुबह तक टेंट और डेकोरेशन का सामान हटाने का काम चलता रहा। सिरोंज चौराहा स्थित जैन परिवार के मकान को भी आकर्षक रूप से सजाया गया था, लेकिन अब पूरे परिवार में चिंता है और घर सहित गार्डन में सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना के बाद लड़का पक्ष के परिवारजन दुल्हन और उसके परिवारजनों से मिलने के लिए भोपाल रवाना हो गए हैं, जिसके चलते उनके निवास पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
