संवाददाता : उवेश खान । सिलवानी

रायसेन जिले के सांची थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप मैनेजर से हुई लूट का पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा कर दिया,
जानकारी के अनुसार काछी कान्हाखेड़ा निवासी रविकांत शाक्य आमखेड़ा पेट्रोल पंप पर काम करता है,
पांच मार्च की रात आमखेड़ा पुलिया के पास तीन बदमाशों ने उसके गले पर छुरी रखकर पच्चीस हजार आठ सौ रुपये और एक मोबाइल लूट लिया।

मामले की रिपोर्ट पर सांची थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, एएसपी और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को भोपाल की ओर से पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों में राम कुशवाह उम्र बाईस वर्ष निवासी गरीब नगर चांदाबाड़ी छोला रोड भोपाल सहित दो नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए पच्चीस हजार आठ सौ रुपये, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और छुरी बरामद कर ली है, पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल रायसेन भेज दिया गया है, इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
