ब्रेकिंग न्यूज़ | बाड़ी में मंदिर फिर निशाने पर
हिंगलाज मंदिर कांड के बाद फिर सनसनी — सुरक्षा पर उठे सवाल
संवाददाता : रितिक जैन। बाड़ी

बाड़ी (रायसेन)। बाड़ी थाना क्षेत्र में एक बार फिर आस्था के दरबार पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
ग्राम कन्वार के प्राचीन राम-जानकी मंदिर में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए भगवान के 5 रजत मुकुट चोरी कर लिए।
लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से इलाके में भारी आक्रोश और सनसनी का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 12:30 से 3 बजे के बीच चोर मंदिर में घुसे और ताले तोड़कर चांदी के मुकुट लेकर फरार हो गए।
सुबह करीब 3:35 बजे पुजारी मंदिर पहुंचे तो मंदिर के कुंडे टूटे मिले और मुकुट गायब थे। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची
इसके बाद सुबह करीब 6 बजे बाड़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायसेन से डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाया गया, जिसने करीब 10 बजे तक घटनास्थल की जांच की।
ग्रामीणों के अनुसार कुछ संदिग्ध लोग मोटरसाइकिल से आए थे, वहीं आसपास एक अज्ञात जीप की गतिविधि भी देखे जाने की बात सामने आई है।
क्षेत्र के लोगों मे बढ़ती नाराजगी_
गौरतलब है कि कुछ समय पहले हिंगलाज मंदिर में भी चोरी की घटना हुई थी। लगातार मंदिरों में हो रही चोरियों से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर क्षेत्र के मंदिरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है ?
क्या प्रशासन और पुलिस मंदिरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है ?
लगातार घटनाओं के बावजूद रात में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत क्यों नहीं की गई ?
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी गया सामान बरामद करने और मंदिरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस संदिग्ध वाहनों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन क्षेत्र में आस्था पर हमलों को लेकर लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है।
