संवाददाता : अंकित कुशवाह। मंडीदीप

मंडीदीप/गौहरगंज । टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उप-जेल गौहरगंज में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर मध्य प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वाधान में ब्लॉक स्वास्थ्य विभाग औबेदुल्लागंज एवं सीडीटी–एक्रॉस हेल्थ केयर के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।
क्या हैं शिविर का मुख्य उद्देश्य
शिविर का मुख्य उद्देश्य टीबी (क्षय रोग) के मरीजों की पहचान कर उन्हें बेहतर उपचार एवं पोषण सहायता उपलब्ध कराना था।
इस दौरान जेल में बंद कैदियों की सघन स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें कुल 84 एक्स-रे सहित आवश्यक परीक्षण और उपचार किए गए। जांच के दौरान कोई भी बंदी टीबी से ग्रसित नहीं पाया गया।

मुख्य भूमिका
शिविर में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) डॉ. धर्मेन्द्र कुमार गौर सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर उप-जेल गौहरगंज के जेलर श्री यशवंत शिल्पकार भी उपस्थित रहे। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा टीबी रोग के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी गई।
इस पहल के माध्यम से जेल के अंदर ही एक्स-रे जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे कैदियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकीं।
