संवाददाता : उवेश खान। सिलवानी

वन परिक्षेत्र देवरी रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत चैनपुर के ग्राम गुटोरी में जंगलों को आग से बचाने के उद्देश्य से जनजागरूकता बैठक आयोजित की गई।
वन विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक के माध्यम से ग्रामीणों को वनाग्नि की घटनाओं से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।
बैठक में ग्रामीणों ने वन प्रबंधन एवं वनाग्नि से संबंधित विषयों पर खुलकर अपने विचार रखे।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर ने कहा कि ग्राम पंचायत इस क्षेत्र की सबसे बड़ी वन पंचायतों में से एक है। जो लगभग पांच बीटों और कई वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली हुई है।
इतने बड़े क्षेत्र की निगरानी करना ग्रामीणों के लिए चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने वन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए चौकीदारों की नियुक्ति की मांग भी रखी।
वन समिति अध्यक्ष चौहान सिंह और वन रक्षक राजकुमार दुबे ने वनों की सुरक्षा एवं संरक्षण के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि – वन प्रबंधन में ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने बताया कि वन विभाग और ग्रामीणों के सहयोग से ही जंगलों की सुरक्षा प्रभावी ढंग से संभव है।
बैठक में ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि वन विभाग को समय-समय पर इस प्रकार की गोष्ठियों का आयोजन करना चाहिए। जिससे विभाग और ग्रामीणों के बीच संवाद बना रहे और वन संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना से की गई। इस अवसर पर ग्रामीणों को जंगलों को आग से बचाने की शपथ भी दिलाई गई।
साथ ही वनाग्नि के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए क्षेत्र के अन्य गांवों में भी बैठकों के आयोजन की बात कही गई।
इस अवसर पर पप्पू ठाकुर, मनसाराम पटेल, वन समिति अध्यक्ष चौहान सिंह, वन रक्षक राजकुमार दुबे, गिलान सिंह, चंद्रराज, अशोक सहित वन समिति के सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
