संवाददाता : अंकित कुशवाह। मंडीदीप

मंडीदीप । शहर में रसोई गैस की बढ़ती किल्लत के बीच अवैध गैस रिफिलिंग का मामला सामने आया है।
रविवार शाम खाद्य विभाग ने वार्ड क्रमांक 23 स्थित बिंदिया कॉलोनी रेलवे अंडर ब्रिज के पास “रोहित गैस सर्विस” पर छापेमार कार्रवाई की।
यह कार्रवाई राष्ट्रीय करणी सेना जिलाध्यक्ष (भोपाल) आशीष प्रताप सिंह पूरी टीम की शिकायत के आधार पर की गई।
जांच में सामने आया कि यहां घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर 250 रुपये प्रति किलो की दर से बेची जा रही थी।
खाद्य विभाग की टीम ने मौके से 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए, जिनमें 4 भरे हुए थे, जबकि एक सिलेंडर से गैस का अवैध ट्रांसफर किया जा रहा था।
उस सिलेंडर में करीब 1 किलो 500 ग्राम गैस शेष पाई गई। इसके अलावा एक तौल कांटा, पीतल की बंशी (गैस अंतरण उपकरण) और सिलेंडर रखने का ठिया भी जब्त किया गया।
सहायक खाद्य निरीक्षक प्रताप सिंह ने बताया कि रोहित गैस सर्विस के संचालक अवध नारायण विश्वकर्मा और कर्मचारी संदीप ठाकुर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की गई है।
लगातार मिल रही थीं शिकायते
स्थानीय लोगों द्वारा अवैध गैस कारोबार को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं। शहर में गैस की कमी का फायदा उठाकर कुछ लोग कालाबाजारी में जुटे हुए थे, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हो रहे थे।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
