संवाददाता : ऋतिक जैन। बाड़ी

मध्यप्रदेश की जीवनरक्षक मानी जाने वाली 108 एम्बुलेंस सेवा अब रायसेन जिले में सवालों के घेरे में है। आरोप है कि कुछ एम्बुलेंस को जरूरत के बजाय सिर्फ किलोमीटर बढ़ाने के लिए सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। इस मामले में जब हमारे संवाददाता ने सीएमएचओ से चर्चा की तो उन्होंने जांच की बात कही।
रिकॉर्ड पूरे करने बेवजह दौड़ाई जा रही एंबुलेंस
रायसेन जिले में संचालित 108 एम्बुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ एम्बुलेंस वाहनों को बिना किसी आपातकालीन कॉल के ही सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है, ताकि उनके किलोमीटर बढ़ सकें और कागजी रिकॉर्ड पूरे किए जा सकें।
बड़े घोटाले की आशंका
बताया जा रहा है कि बाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंची 108 एम्बुलेंस क्रमांक CG04 NS 2438 को लेकर भी चर्चाएं सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार यह वाहन मंडीदीप से आने-जाने के नाम पर चलाया जा रहा था, जिससे पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है
अगर एम्बुलेंस इस तरह सिर्फ किलोमीटर बढ़ाने के लिए चलाई जाएंगी तो वास्तविक आपात स्थिति में गरीब मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर सुविधा मिलना मुश्किल हो जाएगा। लोगों ने यह भी आरोप लगाए हैं कि कई जगह पुरानी और कंडम एम्बुलेंस भी सेवा में चलाई जा रही हैं, जो मरीजों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं।
सी.एम.एच.ओ का बयान_
इस पूरे मामले को लेकर जब हमारे संवाददाता ने सीएमएचओ रायसेन से फोन पर चर्चा की तो उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और पूरे प्रकरण की जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
क्या होगी दोषियों पर कोई कार्यवाही…?
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने इस पूरे मामले में जांच की बात कही है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी।
