जिला संवाददाता । रायसेन

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के ‘राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान’ के अंतर्गत नवाचार एवं पारंपरिक खेल प्रोत्साहन हेतु जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन खेल परिसर रायसेन में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले के सभी सात विकासखण्डों की टीमों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन कार्यक्रम सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में सात विकासखण्डों के मध्य मुकाबले के बाद सेमीफाइनल और फाइनल मैच आयोजित किया गया।
फाइनल मैच रहा मुख्य आकर्षण का केंद्र
पहले सेमीफाइनल में औबेदुल्लागंज ने सिलवानी को 36-28 से हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया। दूसरे सेमीफाइनल में उदयपुरा ने बाड़ी को 27-10 से शिकस्त दी। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में सिलवानी ने बाड़ी को 18-02 के बड़े अंतर से हराया। जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण औबेदुल्लागंज और उदयपुर के बीच खेला गया फाइनल मैच रहा। अंत में मात्र 2 अंकों के मामूली अंतर से औबेदुल्लागंज (30 अंक) ने उदयपुरा (28 अंक) पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर जिला स्तरीय खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
