संवाददाता : समुंदर सिंह कुशवाह

ऑनलाइन सेंटर से निकली ठगी की रकम, दस्तावेज नहीं मिले
साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जांच तेज, और खुलासों के संकेत
विदिशा से बंगाल तक साइबर ठगी का कनेक्शन, आरोपी ट्रांजिट रिमांड पर रवाना

विदिशा : विदिशा में उस समय सनसनी फैल गई जब पश्चिम बंगाल पुलिस की एक टीम साइबर फ्रॉड के आरोपी को गिरफ्तार करने विदिशा पहुंची। मामला ऑनलाइन ठगी से जुड़ा है, जिसमें हितग्राही की रकम विदिशा के एक ऑनलाइन सेंटर से निकाली गई।
मामला पश्चिम बंगाल के जिला बांकुरा के थाना सालतोड़ा में दर्ज अपराध क्रमांक 17/26, धारा 318(4) से जुड़ा है। जांच के दौरान सामने आया कि ठगी की गई राशि का लेन-देन विदिशा से कनेक्ट हो रहा है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी वसीम, निवासी पेड़ी, के ऑनलाइन सेंटर के माध्यम से हितग्राही की रकम निकाली गई। जब दस्तावेजों की मांग की गई तो संबंधित लेन-देन के उचित कागजात उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को हिरासत में लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड मंजूर हुआ और आरोपी को पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल ले जाया गया है।फिलहाल, इस मामले में आगे की जांच जारी है।
