संवाददाता : उवेश खान। सिलवानी

सिलवानी। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में देश के कृषि कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री Shivraj Singh Chouhan के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पौधारोपण कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय चैनपुर परिसर में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर समर्थकों से फूल-माला, गुलदस्ते या अन्य उपहार न लाने की अपील की है। उन्होंने इसके स्थान पर एक पौधा लगाने और उसकी फोटो पोर्टल पर अपलोड करने का आग्रह किया है, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
बताया गया कि 5 मार्च 1959 को सीहोर जिले के जैत गांव में जन्मे शिवराज सिंह चौहान ने इस वर्ष 67 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है। वे मध्यप्रदेश में लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं और उनके कार्यकाल के दौरान कई योजनाएं शुरू की गईं। इनमें महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से शुरू की गई लाड़ली बहना योजना प्रमुख मानी जाती है।
शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिदिन पौधारोपण करने का लिया था संकल्प
भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान ने 19 फरवरी 2021 को प्रतिदिन पौधारोपण करने का संकल्प लिया था, जिसके तहत वे लगातार पौधे लगा रहे हैं। उनके इस संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रदेशभर में भाजपा संगठन और नगरीय निकायों द्वारा भी विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश के कई जिलों में मंडल स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
