जिला साहू समाज समिति की बैठक संपन्न
संवाददाता : उवेश खान। सिलवानी

रायसेन। जिले के सिलवानी खैरी जयपुरा में आगामी 20 अप्रैल, सोमवार (अक्षय तृतीया) को जिला साहू समाज समिति द्वारा सामूहिक आदर्श विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां तेजी से अंतिम चरण में पहुंच रही हैं।
हर वर्ष आयोजित किया जाता हैं सम्मेलन
जानकारी के अनुसार, यह सम्मेलन हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वर-वधू जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे।
सम्मेलन समिति द्वारा विवाह स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे मंडप सज्जा, भोजन, पेयजल, आवास एवं अतिथियों के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देना ही सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देना, अनावश्यक खर्चों को कम करना तथा सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
इस प्रकार के आयोजनों से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग भी मिलता है। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, समाज के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
सम्मेलन समिति द्वारा सभी से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।
पहले ही किया जा चुका हैं पंजीयन
बताया जा रहा है कि सम्मेलन में शामिल होने वाले वर-वधू पक्षों का पंजीयन पूर्व में ही किया जा चुका है तथा सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है।
समाज के लोगों का कहना है कि यह आयोजन न केवल विवाह संस्कार का पवित्र मंच है, बल्कि सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है।
