मंडीदीप हाईवे पर आधी रात आग का तांडव
संवाददाता : रितिक जैन। बाड़ी

अर्टिगा कार को कट लगने के बाद विवाद की चर्चा, आगजनी को लेकर रहस्य बरकरार
मंडीदीप | रायसेन जिले के मंडीदीप क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे नर्मदापुरम रोड स्थित रतनपुर-मंडीदीप हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक डंपर अचानक भीषण आग की चपेट में आ गया।
कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा डंपर धू-धू कर जलने लगा। रात के अंधेरे में उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग सहम गए और कई वाहन चालक अपने वाहन रोककर दूर खड़े हो गए। कुछ ही देर में पूरा डंपर आग का गोला बन गया और जलकर राख में तब्दील हो गया।

क्या हैं पूरा मामला_
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना से पहले डंपर और एक अर्टिगा कार के बीच कट लगने को लेकर विवाद होने की चर्चा सामने आई। इसके बाद आग लगने की बात क्षेत्र में तेजी से फैलती रही। हालांकि आग किन परिस्थितियों में लगी और पूरा घटनाक्रम क्या था, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और दमकल टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आगजनी के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और देर रात तक यातायात प्रभावित रहा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
