संवाददाता: अशोक सोनी। बरेली

पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों को जागरूक करने हेतु “सेफ क्लिक 2.0” अभियान का संचालन जिले में किया जा रहा है।
यह अभियान आगामी 15 दिनों तक विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर संचालित किया जाएगा।अभियान का शुभारंभ आज दिनांक 24 जून 2026 को कन्या शिक्षा परिसर, रायसेन में पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में एसडीओपी रायसेन श्रीमती प्रतिभा शर्मा एवं थाना प्रभारी कोतवाली रायसेन नरेंद्र गोयल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक द्वारा विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अपराधों तथा डिजिटल सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही साइबर अपराधों से बचाव एवं रोकथाम के उपायों के बारे में जागरूक करते हुए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग करने की अपील की गई।
रायसेन पुलिस द्वारा अभियान के दौरान जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिससे साइबर अपराधों की रोकथाम में प्रभावी सहयोग प्राप्त हो सके।
