संवाददाता : रितिक जैन। बाड़ी

चालक ने कूदकर बचाई जान
बाड़ी। बाड़ी क्षेत्र के नागिन मोड़ पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गूगलबाड़ा से धान भरकर उमरावगंज जा रहा एक 12 चक्का ट्रक अचानक आग का गोला बन गया। ट्रक की केबिन में रखी बैटरी में हुए तेज धमाके के बाद कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा केबिन धू-धू कर जलने लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक एमपी-09-एनजी-5738 धान से लदा हुआ था और नागिन मोड़ की खतरनाक घाटी चढ़ रहा था। इसी दौरान केबिन के अंदर रखी बैटरी में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि चालक और क्लीनर को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे केबिन में फैल गईं और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। घाटी मार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक लिए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए चालक ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बिना समय गंवाए फायर ब्रिगेड को साथ लेकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो धान से भरे ट्रक में आग फैलने से लाखों रुपये का नुकसान हो सकता था और आसपास के वाहन भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
हालांकि इस हादसे में ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, लेकिन समय पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। सबसे राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नागिन मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में चलते ट्रक में हुए धमाके और आग लगने की इस घटना ने कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया। आग की भयावह लपटों ने राहगीरों की सांसें थाम दीं और हर कोई ईश्वर का शुक्रिया अदा करता नजर आया कि कोई जनहानि नहीं हुई।
