संवाददाता: रितिक जैन । बाड़ी

अमरावत के पास बिना सुरक्षा इंतजाम के खोदी नाली बनी हादसे की वजह, घायल को निजी वाहन से पहुंचाना पड़ा अस्पताल
बाड़ी–बुधनी फोरलेन निर्माण कार्य एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गया है।
निर्माण कर रही MCC कंपनी की लापरवाही अब सीधे तौर पर जानलेवा साबित हो रही है। ताजा मामला अमरावत के पास का है।
जहां बिना बैरिकेडिंग और बिना किसी चेतावनी संकेत के खोदी गई गहरी नाली में गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कैसे हुआ हादसा :
जानकारी के अनुसार, देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे दो युवक रास्ते में किसी भी प्रकार का संकेत या सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण सीधे सड़क किनारे खोदी गई गहरी नाली में जा गिरे।
हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

108 एंबुलेंस सेवा पर उठे सवाल :
हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया, लेकिन एक घंटे तक भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। परिजनों का आरोप है कि बार-बार फोन करने पर केवल यह जवाब मिला कि “एक से डेढ़ घंटा लगेगा।
एक घंटे तक इंतजार के बाद भी जब एंबुलेंस नहीं पहुंची, तो मजबूरी में घायल युवक को निजी वाहन से बरेली अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जमीन पर हकीकत :
मौके पर देखने पर साफ तौर पर पाया गया कि सड़क किनारे गहरी नाली खोदी गई है, लेकिन वहां न तो बैरिकेडिंग की गई है।
न चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही रात में रोशनी की कोई व्यवस्था है। ऐसे में यह निर्माण कार्य सीधे तौर पर हादसों को न्योता दे रहा है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश :
स्थानीय लोगों का कहना है कि MCC कंपनी और ठेकेदार नियमों को ताक पर रखकर काम कर रहे हैं। कई दिनों से बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के निर्माण कार्य जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जिम्मेदारी पर बड़ा सवाल :
एक तरफ निर्माण कंपनी की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली, तो दूसरी तरफ 108 एंबुलेंस सेवा की देरी ने पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
निष्कर्ष :
अब बड़ा सवाल यही है कि इस मौत का जिम्मेदार कौन है — लापरवाह निर्माण कंपनी, ठेकेदार या फिर सुस्त प्रशासनिक व्यवस्था ?
देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में सख्त कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।
