संवाददाता: अवनीश शर्मा। गैरतगंज

कागजों पर दौड़ रहा ‘नल जल मिशन’, प्यासे ग्रामीण खेतों की खाक छानने को मजबूर
गैरतगंज : भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही जनपद पंचायत गैरतगंज के ग्रामीण अंचलों में जल संकट ने विकराल रूप ले लिया है।
क्षेत्र के बेरखेड़ी, झिरनिया, ऊसरमेटा, सर्रा, पंझिरपा, मूलरमेटा, समनापुर, सुरवरू, सलेहपुर और सिलारी सहित कई गांवों में नल-जल योजनाएं पूरी तरह ठप पड़ी हैं।
जमीनी हकीकत बनाम कागजी दावे
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) और जल जीवन मिशन के तहत क्षेत्र में करोड़ों रुपये खर्च करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है।
जल स्तर गिरने के कारण सार्वजनिक कूप और हैंडपंप सूख चुके हैं। ग्रामीण अब मीलों दूर खेतों में स्थित निजी ट्यूबवेलों और कुओं से पानी लाने को विवश हैं।

जिम्मेदारों की चुप्पी
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि जब इस गंभीर समस्या को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) और मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जनपद पंचायत से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
अधिकारियों की यह चुप्पी विभाग की कार्यप्रणाली और योजनाओं की सफलता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
