संवाददाता : उवेश खान। सिलवानी

सिलवानी। गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिलवानी के तत्वावधान में बढ़ती महंगाई और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बजरंग चौराहे पर प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से शक्कर, स्मार्ट मीटर और घरेलू गैस सिलेंडर रखकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इसके बाद बजरंग चौराहे से तहसील कार्यालय तक रैली निकाली गई।
रैली के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सिलवानी तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करने और आमजन को राहत देने की मांग की।
ज्ञापन में शक्कर के बढ़ते दामों पर नियंत्रण, स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े बिजली बिलों की जांच, पेट्रोल की कीमतों में राहत और बस किराए में हुई वृद्धि पर रोक लगाने की मांग की गई।
कांग्रेस ने गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को महंगाई से राहत देने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी रखी।
किसानों की खाद समस्या का मुद्दा भी उठायाज्ञापन में किसानों की खाद संबंधी समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने कहा कि रासायनिक उर्वरक खरीदने के लिए लागू ई-टोकन व्यवस्था में सिलवानी गोदाम का स्टॉक प्रदर्शित नहीं होता, जिससे किसानों को खाद लेने में परेशानी हो रही है।
कांग्रेस ने स्टॉक व्यवस्था में सुधार करने तथा किसानों को डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की।इसके अलावा घरेलू एलपीजी गैस के दाम कम करने और गैस बुकिंग की समय सीमा घटाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से सभी मांगों पर उचित कार्रवाई कर आमजन को राहत दिलाने की मांग की
