संवाददाता : रितिक जैन। बाड़ी

आगामी ईद पर्व को लेकर बुधवार शाम बाड़ी नगर में प्रशासन और पुलिस का रौबदार फ्लैग मार्च निकाला गया। शहर की सड़कों पर जब एसडीएम संतोष मुद्गल, एसडीओपी नीलम चौधरी, तहसीलदार सुनील शर्मा और थाना प्रभारी राजेश तिवारी भारी पुलिस बल के साथ पैदल उतरे तो पूरे नगर में सुरक्षा व्यवस्था की सख्ती साफ नजर आई।
फ्लैग मार्च से दिखी पूरी ताकत
फ्लैग मार्च ने असामाजिक तत्वों को सीधा संदेश दे दिया कि बाड़ी में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है।फ्लैग मार्च मुख्य बाजार, बस स्टैंड, मस्जिद क्षेत्र, पुराना बाजार, संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौराहों से होकर निकाला गया।
पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए दिखाई दिया। प्रशासनिक अधिकारियों की सख्त मौजूदगी और पुलिस की अनुशासित कदमताल ने पूरे शहर में सुरक्षा का मजबूत माहौल खड़ा कर दिया।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी अपनी टीम के साथ लगातार अलर्ट मोड पर नजर आए। जगह-जगह रुककर उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों में मौजूद लोगों की नजरें प्रशासन और पुलिस की इस मजबूत कार्रवाई पर टिकी रहीं। कई स्थानों पर नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना भी की।
एसडीओपी नीलम चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि ईद पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एसडीएम संतोष मुद्गल ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।बुधवार शाम निकला यह विशाल फ्लैग मार्च पूरे नगर में चर्चा का केंद्र बना रहा।
प्रशासन और पुलिस की इस सख्त और दमदार मौजूदगी ने साफ कर दिया कि बाड़ी में त्योहार शांति, भाईचारे और पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ही मनाया जाएगा।
