संवाददाता : रितिक जैन | बाड़ी

बाड़ी पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, पत्थर मारकर की गई थी युवक की हत्या
रायसेन जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र में नागिन मोड़ ब्रिज के नीचे मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश किया है।
जानकारी के मुताबिक 7 मई को भोपाल-जबलपुर नेशनल हाईवे-45 स्थित नागिन मोड़ तिराहा ब्रिज के नीचे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना बाड़ी थाना पुलिस को मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विशेष टीम गठित की गई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रायसेन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर लगातार जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण पटेल, हरनाम सिंह किरार और रीना किरार शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने युवक की पत्थर मारकर हत्या की थी और शव को नागिन मोड़ ब्रिज के नीचे फेंककर फरार हो गए थे। मृतक की पहचान पप्पू उर्फ वीर जाट निवासी राजस्थान के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में बाड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की चर्चा बनी हुई है।
