संवाददाता: अशोक सोनी बरेली

रायसेन। भोपाल-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर खरगोन और भोड़िया के बीच सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल निवासी अंकुर नेमा अपने निजी कार्य से नरसिंहपुर की ओर कार से जा रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश, आंधी और तेज हवाओं के कारण उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया।

बताया जा रहा है कि कार लगभग 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। अनियंत्रित होकर वाहन पहले सड़क किनारे लगे लोहे के खंभे से टकराया और फिर पुलिया पर चढ़ गया। दुर्घटना के समय वाहन में अंकुर नेमा अकेले सवार थे और स्वयं कार चला रहे थे।
हादसा काफी गंभीर हो सकता था, लेकिन कार के एयरबैग समय पर खुल जाने से अंकुर नेमा को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद वे सुरक्षित रूप से वाहन से बाहर निकल आए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज बारिश और खराब मौसम के कारण सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो रहा था। इस घटना के बाद लोगों ने बारिश के मौसम में वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।
ईश्वर की कृपा और वाहन की सुरक्षा प्रणाली के चलते एक बड़ा हादसा टल गया तथा चालक पूरी तरह सुरक्षित बच गया।
