संवाददाता : उवेश खान। सिलवानी

सिलवानी। भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पक्षियों को जल संकट से राहत दिलाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई सिलवानी द्वारा शासकीय महाविद्यालय परिसर में सकोरा अभियान चलाया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने छायादार वृक्षों पर मिट्टी के सकोरे टांगकर उनमें नियमित रूप से पानी भरने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम विकासार्थ विद्यार्थी एवं एसएफडी के माध्यम से आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में ‘जल मंदिर’ का निर्माण भी किया गया।
यह पहल 15 दिवसीय प्रांतव्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जीव दया का संदेश देना है।
भाग संयोजक जय यादव ने बताया कि बढ़ती गर्मी और सूखते जलस्रोतों के कारण पक्षियों का जीवन संकट में है।
ऐसे में विद्यार्थियों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों की छत, बालकनी या आंगन में कम से कम एक सकोरा रखकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सकोरों की नियमित सफाई बनाए रखने की भी अपील की, ताकि पक्षियों को स्वच्छ जल मिल सके।
इस पहल की नगर में सराहना की जा रही है। कार्यक्रम में महाविद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं परिषद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
