संवाददाता : रितिक जैन। बाड़ी

दशहरा मैदान से लेकर पूरे शहर तक तैयारियों का जायजा, भाजपा संगठन और प्रशासन अलर्ट मोड पर
बाड़ी। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 20 जून को प्रस्तावित बाड़ी दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए भाजपा संगठन, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।
दौरे की तैयारियों का जायजा लेने भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा ने बाड़ी पहुंचकर दशहरा मैदान सहित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात, मंच निर्माण, पार्किंग एवं आमजन की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को भी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि केंद्रीय कृषि मंत्री का यह दौरा क्षेत्र के किसानों, युवाओं एवं विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। वहीं भाजपा संगठन इसे शक्ति प्रदर्शन और जनसंपर्क के बड़े अवसर के रूप में देख रहा है।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता धर्मेंद्र चौहान, पंकज श्रीवास्तव, कमलेश राजपाल, हेमराज मीना, सुरेश पाल, अनिल सोनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
