नर्मदापुरम में भावपूर्ण विदाई समारोह
संवाददाता: अशोक सोनी। बरेली

नागरिक सेवा ही प्रशासन का मूल उद्देश्य” संभागायुक्त तिवारी | नर्मदापुरम सदैव स्मरणीय रहेगा कलेक्टर सोनिया मीना
नर्मदापुरम। रविवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में एक भावनात्मक एवं गरिमामय माहौल के बीच जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का विदाई समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर नर्मदापुरम संभाग के संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी एवं कलेक्टर सोनिया मीना को उनके स्थानांतरण पर जिला प्रशासन के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भावपूर्ण विदाई दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूरे समारोह में प्रशासनिक परिवार की भावनात्मक एकजुटता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
विदाई संबोधन में संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि नागरिकों की सेवा है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है कि वह पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करे ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था तभी सुदृढ़ होती है जब अधिकारी नागरिक हित को सर्वोपरि रखें और संवेदनशील होकर निर्णय लें।
अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
वहीं कलेक्टर सोनिया मीना ने अपने संबोधन में कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक सेवा का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन हर कार्यस्थल से जुड़ी यादें सदैव स्मरणीय रहती हैं।
उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम जिला उनके लिए अत्यंत विशेष रहा है, जहां की कार्यसंस्कृति, सहयोगी प्रशासनिक टीम एवं नागरिक सहभागिता ने उनके कार्यकाल को यादगार बनाया।
उन्होंने जिले को कृषि प्रधान, सांस्कृतिक रूप से समृद्ध एवं विविधताओं से परिपूर्ण बताया। उन्होंने विशेष रूप से वीआईपी मूवमेंट, बड़े आयोजनों तथा वर्षा ऋतु में नर्मदा नदी के बाढ़ प्रबंधन के दौरान प्रशासनिक टीम के समन्वित प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में सफलता व्यक्तिगत नहीं, बल्कि टीम वर्क का परिणाम होती है।
इस अवसर पर उन्होंने संभागायुक्त तिवारी के मार्गदर्शन को अपने कार्यकाल का महत्वपूर्ण अनुभव बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सशक्त एवं अनुशासित बनी रही।
नियमित समीक्षा बैठकों, जनसुनवाई एवं फील्ड निरीक्षणों ने शासन व्यवस्था को प्रभावी दिशा दी।
समारोह में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों में अशोक कुमार, साई कृष्ण एस. थोटा, राखी नंदा, हिमांशु जैन एवं अभिषेक राजन सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन भावनात्मक वातावरण में हुआ, जहां सभी ने दोनों अधिकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
