संवाददाता : उवेश खान। सिलवानी

सिलवानी। रायसेन जिले के सिलवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत जैथारी चौकी इन दिनों अपनी बदली हुई तस्वीर को लेकर चर्चा में है।
चौकी प्रभारी सुनील सिंह भदौरिया की पहल पर चौकी परिसर में कई सकारात्मक बदलाव किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को राहत मिल रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पहले चौकी परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी। गर्मी के दिनों में पुलिस स्टाफ सहित यहां आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
समस्या को देखते हुए चौकी प्रभारी ने पहल कर परिसर में बोर करवाया, जिसमें पर्याप्त पानी निकलने से अब पानी की समस्या काफी हद तक दूर हो गई है।
इसके साथ ही वन विभाग के सहयोग से चौकी परिसर में सौ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। पौधों के संरक्षण के लिए नियमित सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है। पर्यावरण संरक्षण के साथ जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए राहगीरों के लिए पियाऊ की व्यवस्था कराई गई है।
वहीं गौवंश सहित अन्य पालतू जानवरों के लिए पानी पीने हेतु होदी का निर्माण भी कराया गया है।ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके आने के बाद चौकी परिसर की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
लोगों का कहना है कि पुलिस की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं पर दिया गया ध्यान सराहनीय पहल है।
