संवाददाता : उवेश खान। सिलवानी

रायसेन जिले के सिलवानी क्षेत्र स्थित जमुनिया घाटी में रविवार शाम एक काला भालू दिखाई देने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि भालू सड़क पार करता नजर आया, जिसे वहां से गुजर रहे राहगीरों ने देखा और उसका वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया।
देखते ही देखते भालू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, भीषण गर्मी के चलते जंगलों में पानी की कमी होने से जंगली जानवर आबादी वाले इलाकों और सड़कों की ओर भटक रहे हैं।
माना जा रहा है कि पानी की तलाश में ही भालू सड़क तक पहुंचा।घटना के बाद वन विभाग ने इलाके के लोगों और राहगीरों से सतर्क रहने की अपील की है।
विभाग ने कहा है कि जमुनिया घाटी और आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाले लोग सावधानी बरतें तथा किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर उसके करीब जाने की बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
