बाड़ी में ईद को लेकर हाई अलर्ट
संवाददाता : रितिक जैन। बाड़ी

बाड़ी | रायसेन आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर बाड़ी में आयोजित शांति समिति की बैठक उस समय बेहद संवेदनशील और चर्चित बन गई, जब मुस्लिम समाज के दो गुटों के बीच त्योहार की व्यवस्थाओं और कुर्बानी को लेकर खुलकर मतभेद सामने आ गए।
बैठक में कुछ समय के लिए माहौल इतना गर्मा गया कि प्रशासन को बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद अधिकारियों ने सख्त लहजे में साफ संदेश दिया कि शहर की शांति और कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और सड़क पर अवशेष मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
नगर में शांति और सौहार्द बनाए रखने को लेकर आयोजित इस अहम बैठक में संतोष मुद्गल, नीलम चौधरी, सुनील शर्मा, राजेश तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति सदस्य एवं मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मुस्लिम समाज के दो पक्षों के बीच त्योहार आयोजन और धार्मिक व्यवस्थाओं को लेकर लंबी बहस चली। दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े नजर आए, जिससे बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए एसडीएम संतोष मुद्गल ने कड़े तेवर अपनाते हुए साफ कहा कि समाज के लोग आपसी सहमति से तत्काल निर्णय लें।
शांति समिति की बैठक में गरमाया माहौल, प्रशासन का अल्टीमेटम — “समय रहते फैसला लो, नहीं तो प्रशासन करेगा व्यवस्था तय”
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि समय सीमा के भीतर सहमति नहीं बनती है तो प्रशासन कानून व्यवस्था और शहर की शांति को सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए स्वयं निर्णय लेगा और उसी आधार पर त्योहार की व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।
शाम तक स्थिति स्पष्ट कर दीजिए, अन्यथा प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ेगा
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को बताया कि भोपाल से समाज की कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी आने वाले हैं, जिनसे चर्चा के बाद शाम तक अंतिम निर्णय प्रशासन को अवगत करा दिया जाएगा। इस पर प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा कि “शाम तक स्थिति स्पष्ट कर दीजिए, अन्यथा प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ेगा।”बैठक में कुर्बानी को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
प्रशासन ने साफ निर्देश दिए कि कुर्बानी पूरी तरह निर्धारित नियमों और मर्यादाओं के तहत ही की जाएगी। किसी भी सार्वजनिक स्थान, सड़क, गली या संवेदनशील इलाके में खून, मांस अथवा अन्य अवशेष दिखाई देने पर संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि त्योहार के दौरान नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की विशेष निगरानी रहेगी।सोशल मीडिया को लेकर भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। एसडीओपी नीलम चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, आपत्तिजनक फोटो, वीडियो या धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला कंटेंट शेयर करता पाया गया तो उसके खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि साइबर टीम लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए है।वहीं थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन त्योहार को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी समुदायों से भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
शांति समिति की बैठक में प्रशासन का सख्त और स्पष्ट रुख पूरे समय देखने को मिला। अधिकारियों ने साफ संकेत दे दिए कि बाड़ी में त्योहार शांति और कानून व्यवस्था के दायरे में ही मनाया जाएगा और यदि किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो प्रशासन तत्काल कठोर कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
