संवाददाता: अशोक सोनी। बरेली

सेवा भारती अपने सामाजिक आयाम अंतर्गत महिला भजन मंडलियों के माध्यम से जन जागरण करती है। इस आयाम अंतर्गत सेवा भारती समिति उदयपुरा ने सेवा भारती के संस्थापक बिष्णु कुमार जी की पुण्यतिथि 25 मई को बड़ा रामजानकी मंदिर में महिला मंडलियों की भजन प्रतियोगिता आयोजित की।
इस आयोजन में उदयपुरा नगर की 8 तथा देवरी नगर से 1 मंडली सम्मलित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर के प्रतिष्ठित नागरिक शिवनारायण मालानी, छोटेलाल रघु, सेवा भारती रायसेन जिला के अध्यक्ष दिनेश राजौरिया ने सरस्वती देवी, बिष्णु कुमार एवं संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
भजन प्रतियोगिता दो चरणों में सम्पन्न हुई।
इस प्रतियोगिता का आकर्षण किशोरी बालिकाओं का राधारानी मंडल रहा। इन 16-17 वर्षीय किशोरियों ने सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले इस युग में भजन-कीर्तन की परंपरा को बनाये रखने का बीड़ा उठाया।
सभी ने इनकी प्रशंसा की, इन्होंने प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार भी जीता। द्वितीय पुरस्कार भी उदयपुरा की शिवशक्ति मंडली ने सुमधुर भजन प्रस्तुत कर जीता। तीसरा पुरस्कार सीताराम भजन मंडली उदयपुरा को मिला।

सभी मंडलियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। प्रतियोगिता में शामिल सभी मंडलियों को क्षेत्रीय विधायक एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटैल के सौजन्य से वाद्ययंत्रों के सेट मंचस्थ अतिथियों द्वारा प्रदान किये गये।
पुरस्कार की राशि भगवान सिंह रघु, ताराचंद भटेले द्वारा प्रदान की गई। उदयपुरा नगर परिषद अध्यक्ष केशव पटैल ने संस्कृति को सहेजने के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवा भारती मध्य भारत प्रांत के कार्यकारी अध्यक्ष चेतन गिरि ने सेवा भारती द्वारा किए जा रहे प्रमुख सेवा कार्यों से अवगत कराकर आयोजन समिति की प्रशंसा की।
समापन भारत माता की आरती एवं प्रसाद वितरण से हुआ। नगर में पहली बार आयोजित हुये इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर के महिला और पुरुष दर्शनार्थी उपस्थित रहें। निर्णायक दल में उदयपुरा की महिलायें रही।
उपस्थित में नगर के गणमान्य नागरिक के अलावा अवनीश पालीवाल जिला भाजपा सह कोषाध्यक्ष, सेवा भारती रायसेन के अध्यक्ष दिनेश राजौरिया, सचिव बी एस किरार, कार्यकारिणी सदस्य हीरेन्द्र मालवीय, दिलीप राठौर जिला समन्वयक रंजीतजी ध्रुवे का नाम उल्लेखनीय है। संचालन दीपक शर्मा ने किया। आभार रामगोपाल विश्नोई ने माना। सेवा भारती नगर अध्यक्ष सौरभ राय एवं संस्कार केंद्रों की शिक्षिकाओं ने व्यवस्था संभाली।
