संवाददाता : रितिक जैन। बाड़ी

एसडीओपी नीलम चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश तिवारी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन शातिर गिरफ्तार
बाड़ी | रायसेन बाड़ी शहर की बारना कॉलोनी में एक वीरान खंडहर के अंदर लंबे समय से अवैध शराब और हथियारों का खतरनाक खेल चल रहा था। बाहर से खामोश दिखाई देने वाला यह खंडहर रात होते ही शराब तस्करों और बदमाशों का अड्डा बन जाता था।

यहां शराब की खेप जमा होती, सौदे तय किए जाते और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई का पूरा नेटवर्क संचालित किया जाता था।लेकिन इस बार शराब माफियाओं की चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। बाड़ी पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए पूरे ठिकाने पर दबिश दी और तीन शातिर बदमाशों को धर दबोचा।
बारना कॉलोनी के खंडहर में सजती थी शराब माफियाओं की महफिल!
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं एसडीओपी नीलम चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। मुखबिर से मिली पक्की सूचना के बाद पुलिस ने देर रात बारना कॉलोनी स्थित खंडहर को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की गाड़ियों की आहट मिलते ही अंदर मौजूद बदमाशों में भगदड़ मच गई। कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से दबोच लिया।
खंडहर से निकला शराब का जखीरा
जब पुलिस ने खंडहर की तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर टीम भी चौंक गई। जगह-जगह शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने मौके से करीब 50 पेटी देशी शराब बरामद की, जिसकी कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
इतना ही नहीं, तलाशी के दौरान एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। हथियार मिलने के बाद पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी अवैध कारोबार को हथियारों के दम पर संचालित कर रहे थे और इलाके में अपना खौफ कायम रखना चाहते थे।
तीन शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अमित ठाकुर, शिवम भारद्वाज और तरशदीप सिंह को गिरफ्तार किया। सूत्रों के मुताबिक आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और लंबे समय से इनकी गतिविधियों पर पुलिस नजर बनाए हुए थी।
रात के अंधेरे में चलता था पूरा खेल
स्थानीय लोगों का कहना है कि खंडहर के आसपास देर रात तक संदिग्ध गतिविधियां होती थीं। कई बार वहां गाड़ियों की आवाजाही और शराब की पेटियां उतारी जाती देखी गईं, लेकिन डर और खौफ के कारण कोई खुलकर सामने नहीं आया।
बताया जा रहा है कि आरोपी इस खंडहर को “सेफ जोन” की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। दिन में वीरान दिखने वाला यह ठिकाना रात में अवैध कारोबार का अड्डा बन जाता था।
पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े नाम
पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई जाती थी, किन-किन इलाकों में सप्लाई होती थी और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को शक है कि मामले में कुछ और बड़े नाम भी सामने आ सकते हैं।
फिलहाल आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं बाड़ी पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और क्षेत्रभर में पुलिस की कार्रवाई की चर्चा तेज हो गई है।
