संवाददाता : उवेश खान। सिलवानी

रायसेन जिले के सिलवानी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटा खजारी के ग्रामीण वर्षों पुरानी समस्या को लेकर एक बार फिर प्रशासन की शरण में पहुंचे हैं। गांव के मुख्य मार्ग पर पुलिया नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में सड़क कट जाती है, जिससे गांव का संपर्क तहसील मुख्यालय से पूरी तरह टूट जाता है।
ग्रामीणों ने नवागत एसडीएम सिलवानी को ज्ञापन सौंपकर बारिश शुरू होने से पहले पक्की पुलिया निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस समस्या के कारण हर वर्ष ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी दिक्कत होती है।

ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या को लेकर कई बार शासन-प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। पिछले वर्ष ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और चंदा एकत्र कर अस्थायी कच्ची पुलिया का निर्माण कराया था, जो बरसात में बह गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पक्की पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया तो आगामी बारिश में फिर से गांव का संपर्क मार्ग बाधित हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि बारिश से पहले कोटा खजारी की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो पाता है या नहीं।
