संवाददाता : उवेश खान। सिलवानी

रायसेन जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची में पुलिस ने होटल एवं लॉजों में सघन जांच अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी अपनी टीम के साथ अचानक एक्शन मोड में नजर आए और नगर के विभिन्न होटलों में छापामार कार्रवाई की।

जांच के दौरान पुलिस ने होटल रजिस्टरों की बारीकी से जांच की, ठहरे हुए लोगों के पहचान पत्र चेक किए तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। इसके साथ ही होटल के कमरों की तलाशी लेकर संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की गई।
पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके चलते यह अभियान चलाया गया।हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली, लेकिन अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल संचालकों और नगर में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने होटल संचालकों को नियमों का पालन करने और प्रत्येक ग्राहक का वैध पहचान पत्र दर्ज करने के निर्देश भी दिए।
