संवाददाता : जिला व्युरो। रायसेन

शराब दुकानों की अनियमितताओं एवं राइस मिल प्रदूषण का मामला उठाया
रायसेन। रायसेन जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पवार से अधिमान्य पत्रकार नेतृत्व समिति भोपाल-रायसेन के संभागीय अध्यक्ष रितिक जैन ने सौजन्य भेंट कर बाड़ी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के महत्वपूर्ण मामलों को उनके संज्ञान में लाया।
इस दौरान क्षेत्र में लंबे समय से चर्चा का विषय बनी शराब दुकानों की कथित अनियमितताओं, ओवररेटिंग, ग्रामीण क्षेत्रों में शराब सप्लाई, नियम विरुद्ध गतिविधियों तथा राइस मिल से उत्पन्न प्रदूषण संबंधी शिकायतों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।
शराब बिक्री को लेकर लगाए आबकारी नियमों के उल्लंघन के आरोप
रितिक जैन ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया कि बाड़ी क्षेत्र में संचालित शराब दुकानों को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दरों पर शराब बिक्री, गांव-गांव शराब पहुंचाए जाने तथा आबकारी नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए जा रहे हैं।
ज्ञापन में इन शिकायतों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली एवं शिकायतों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा किए जाने का आग्रह किया गया।भेंट के दौरान ग्राम नानपोन सहित अन्य क्षेत्रों में शराब सप्लाई किए जाने से संबंधित उपलब्ध वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों का भी उल्लेख किया गया।
रितिक जैन ने कहा कि यदि जांच में उक्त आरोप सत्य पाए जाते हैं तो यह न केवल आबकारी नियमों का उल्लंघन होगा, बल्कि ग्रामीण सामाजिक व्यवस्था एवं युवाओं के भविष्य के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।इसके अलावा बाड़ी क्षेत्र से कुछ दूरी पर संचालित स्टार वेब एंटरप्राइजेज राइस मिल का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि राइस मिल के समीप गुरुकुल स्कूल संचालित है, जहां अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं आसपास के रहवासियों को मिल से निकलने वाली भूसी, धूल एवं अन्य प्रदूषणकारी तत्वों के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पर्यावरणीय मानकों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग भी प्रभारी मंत्री के समक्ष रखी गई।
क्षेत्र की समस्याओं एवं जनहित से जुड़े विषयों पर भी हुई चर्चा
रितिक जैन ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं एवं जनहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा करते हुए कहा कि जनता की शिकायतों को शासन तक पहुंचाना सामाजिक दायित्व है और जनसमस्याओं का निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि संबंधित विभागों द्वारा निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह पवार ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े मामलों की नियमानुसार जांच कराई जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान एवं प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
प्रभारी मंत्री के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को रखे जाने के बाद स्थानीय नागरिकों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित मामलों में संबंधित विभाग सक्रिय होकर कार्रवाई करेंगे तथा जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान सुनिश्चित होगा।
