संवाददाता: उवेश खान। सिलवानी

रायसेन जिले के सिलवानी में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर कई लोगों ने एसडीएम एवं थाना प्रभारी को शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार बिजली विभाग के कर्मचारी नियमित जांच के नाम पर घरों में पहुंचते हैं। आरोप है कि विभाग के कुछ कर्मचारी कथित रूप से बिना अनुमति घरों में घुस गए। उस समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। पीड़ित परिवारों का कहना है कि कर्मचारियों ने महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौच की तथा धक्का-मुक्की की।
परिवारों ने यह भी आरोप लगाया है कि कर्मचारियों ने बिना पूर्व सूचना बिजली मीटर उखाड़ दिए और बिजली सप्लाई बंद कर दी। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे नियमित रूप से बिजली बिल जमा कर रहे हैं, इसके बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। शिकायत में विभाग के कुछ कर्मचारियों के नामों का भी उल्लेख किया गया है।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा हटाए गए मीटर दोबारा लगाए जाएं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो हाईवे पर चक्का जाम किया जाएगा।
फिलहाल मामले में प्रशासन और पुलिस से जांच की मांग की गई है। बिजली विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
