संवाददाता: अशोक सोनी। बरेली

प्रशासन मौनइलाज के नाम पर ग्रामीणों से वसूली जा रही मोटी रकम
बरेली/रायसेन: रायसेन जिले के बरेली मुख्यालय से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बाग पिपरिया में इन दिनों स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के नाम पर खिलवाड़ का एक बड़ा खेल चल रहा है। यहाँ बिना किसी वैध डिग्री या प्रशासनिक अनुमति के एक तथाकथित ‘बंगाली डॉक्टर’ द्वारा सरेआम क्लिनिक का संचालन किया जा रहा है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, इस क्लिनिक में आने वाले सीधे-साधे मरीजों को बिना किसी उचित जांच के सीधे हैवी इंजेक्शन और बॉटल (आईवी फ्लूइड) चढ़ा दी जाती है।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से फर्जी डॉक्टरों के हौसले बुलंद
इलाज के नाम पर इन गरीब ग्रामीणों से मोटी रकम वसूली जा रही है, जबकि स्वास्थ्य में सुधार के नाम पर स्थिति जस की तस बनी रहती है। कई बार गलत इलाज के कारण मरीजों की जान पर भी बन आती है।
बुलंद हैं हौसले : स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस फर्जी व्यवसाय और झोलाछाप डॉक्टर की गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासनिक उदासीनता के कारण ही इन फर्जी डॉक्टरों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर लोगों की जिंदगी से खेल रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से मांग की है कि इस अवैध क्लिनिक पर तत्काल छापा मारकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र के निर्दोष लोगों के स्वास्थ्य और जीवन की रक्षा हो सके
