संवाददाता : उवेश खान। सिलवानी

रायसेन। सिलवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत जैथारी चौकी इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया।
दुर्घटना ग्राम बेरुआ के पास हार्वेस्टर और बाइक की टक्कर से हुई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका 56 वर्षीय शाहेजहां निवासी ग्राम रामपुरा, थाना सुल्तानपुर अपने बेटे के साथ बाइक से जैथारी से चंदनपिपरिया की ओर जा रही थीं।

इसी दौरान ग्राम बेरुआ के समीप उनकी बाइक की एक हार्वेस्टर से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शाहेजहां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका बेटा घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जैथारी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को सिविल अस्पताल सिलवानी भेजा गया।
मृतका का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह कराया जाएगा। वहीं घायल का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
